इंद्रा कॉलोनी ऊषा परिहर वाली गली निवासी पुष्पराज सिंह ने बताया कि उनका 31 वर्षीय बेटा अतुल चौधरी सोमवार सुबह करीब सात बजे घर में सफाई कर रहा था। परिजनों ने बताया कि सफाई के दौरान जब अतुल पर्दे की पाइप को साफ कर रहा था, तो वह पाइप अनजाने में छज्जे के बाहर से गुजर रही 11 केवीए की हाईटेंशन लाइन से छू गई। पाइप छूते ही अतुल भयंकर करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
बेटे को करंट लगते देख उसके पिता पुष्पराज सिंह ने तुरंत उसे बचाने का प्रयास किया, जिसमें वह भी झुलस गए। आनन-फानन में परिजन अतुल को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे से पूरे परिवार में मातम छा गया है। अतुल के चाचा भूपेंद्र ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घर के बाहर से गुजर रही इस खतरनाक 11 केवीए की लाइन को शिफ्ट कराने के लिए उन्होंने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को लिखित में पत्र दिया था।
बावजूद इसके, अधिकारियों ने उनकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं की और न ही लाइन को शिफ्ट किया। इसी लापरवाही का नतीजा है कि आज उनके घर के चिराग की जान चली गई। मृतक के पीड़ित परिजनों ने अब लापरवाह बिजली अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर अधिकारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की अपील की है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।