पांचवें दिन, 109 घंटे की तलाश के बाद मिला शव
परिजन गोपाल की तलाश में लगे थे, गोपाल के बड़े भाई आकाश ने रविवार सुबह पुलिस को सूचना देकर अपने भाई का शव इनायतपुर के पास तिमोही पुल में होने की सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, पुलिस ने युवक के शव को मेडिकल परिक्षण के लिए भेजा। पांचवें दिन लगभग 109 घन्टों के बाद योगा ट्रेनर गोपाल का शव रविवार सुबह साढ़े 9 बजे वेव सिटी क्षेत्र के डासना मैन कल्दा रजबहे में इनायतपुर के पास तिमोही पुल में अटका मिला। पुलिस ने शव को मेडिकल परिक्षण के लिए भेजा।
गंगनहर पुल पर खड़ी थी बाइक और सीट पर रखा था मोबाइल
बता दें, बीते मंगलवार शाम 7 बजे सदरपुर मधुबन बापूधाम निवासी योगा ट्रेनर गोपाल शर्मा (21) पुत्र बिरजू शर्मा की स्प्लेंडर बाइक व मोबाइल फोन मसूरी क्षेत्र स्थित गंगनहर चितौड़ा पुल पर खड़ी मिली थीं। योगा ट्रेनर गोपाल ने अपने बड़े भाई आकाश शर्मा के दोस्त प्रियांशु को मंगलवार शाम 7 बजे फोन करके बताया था कि जहां बन्दरों को जिवाने चितौड़ा गंगनहर पुल पर जाते हैं वहां बड़े भाई आकाश व गुड्डू को लेकर आ जाओ, मगर आकाश ने अपने भाई के फोन पर फोन किया तो फोन किसी राहगीर ने उठाया, राहगीर ने बताया कि यहां कोई नहीं है। खड़ी बाइक पर फोन बज रहा था तो उसने उठा लिया, गोपाल के बड़े भाई आकाश शर्मा ने गंगनहर चितौड़ा पुल पर पहुंचकर अपने भाई की काफी खोजबीन की, नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी।
चार दिन तक नहीं मिला था कोई सुराग
पुलिस ने तभी एनडीआरएफ टीम बुलाकर सर्च अभियान चलाया मगर सफलता नहीं मिल सकी। एनडीआरएफ व स्थानीय पुलिस टीम ने बुधवार को चितौड़ा पुल से नाहल झाल तक गहनता से योगा ट्रेनर को गंगनहर में तलाश किया मगर कोई सफलता नहीं मिली, तब बृहस्पतिवार व शुक्रवार को एनडीआरएफ टीम के साथ एसडीआरएफ की टीमों ने योगा ट्रेनर गोपाल को गंगनहर में तलाश किया मगर गोपाल को लापता हुए चार दिन बीतने पर कोई सुराग नहीं लग सका।
पूरा परिवार कर रहा था गोपाल की तलाश
शनिवार शाम तक भी एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की दोनों टीमें व गोताखोरों ने गंगनहर में चितौड़ा पुल से लेकर लगभग 11 किलोमीटर देहरा झाल तक ढूंढने का प्रयास किया मगर सफलता नहीं मिली। गोपाल का पूरा परिवार व रिश्तेदार सबके सब गोपाल को ढूंढने में लगे थे। गोपाल के भाई आकाश ने बताया कि रविवार सुबह साढ़े 9 उन्हें वेव सिटी क्षेत्र में डासना रजबहे में इनायतपुर के पास तिमोही पुल में शव अटका मिला जो उनके छोटे भाई गोपाल का था।
भाई ने दी पुलिस को सूचना
शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। वेव सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर मेडिकल परिक्षण के लिए मोर्चरी भेज दिया। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पुलिस को सुबह साढ़े 9 बजे गोपाल के बड़े भाई आकाश शर्मा ने सूचना दी कि उनके भाई गोपाल का शव डासना रजबहे में इनायतपुर तिमोही के पुल में अटका है। पुलिस ने वहां पहुंचकर शव को पानी में से निकालकर मेडिकल परिक्षण के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान गोपाल शर्मा पुत्र बिरजू शर्मा निवासी ग्राम सदरपुर मधुबन बापूधाम के रूप में गोपाल के बड़े भाई आकाश शर्मा ने की।