गाजियाबाद। यूट्यूबर सलीम अहमद को अस्पताल में देखने जाने से पुलिस के रोकने पर यति नरसिंहानंद गिरि भड़क गए। उन्होंने कहा कि पुलिस या तो उन्हें सलीम से मिलने दे या फिर उनका कत्ल कर दे। घंटों हंगामे के बाद पुलिस खुद यति नरसिंहानंद को अस्पताल ले गई और सलीम से मिलवाया।
यति नरसिंहानंद ने बताया कि जानलेवा हमले के बाद सलीम जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं। उनका हालचाल लेने के लिए वह अस्पताल जाना चाह रहे थे, लेकिन पुलिस ने मंदिर में ही नजरबंद कर दिया। उनका कहना था कि सलीम ने हजार गुना बड़ा काम सनातन धर्म के लिए किया है। उससे मिलने से मुझे कोई नहीं रोक सकता। एसीपी वेव सिटी प्रिया श्रीपाल ने बताया कि पुलिस खुद यति नरसिंहानंद को सलीम से मिलवाने के लिए अस्पताल ले गई थी।