प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने यादव सिंह मामले में अब अपना शिकंजा कस दिया है। प्रवर्तन निदेशालय ने इस केस की स्टडी के लिए चार्जशीट की मांग की है। चार्जशीट की सत्यापित कॉपी के लिए ईडी ने कोर्ट में नकल सवाल दाखिल किया है। इससे पूर्व प्रवर्तन निदेशालय गाजियाबाद में यादव सिंह के करीबियों की संपत्ति का रिकॉर्ड मांग चुका है।
प्रवर्तन निदेशालय के विशेष लोक अभियोजक केपी सिंह ने यादव सिंह प्रकरण की चार्जशीट के लिए कोर्ट में नकल सवाल दाखिल किया है। माना जा रहा है कि प्रवर्तन निदेशालय इस पूरे प्रकरण में चार्जशीट के माध्यम से यह जानना चाहता है कि सीबीआई ने अपनी जांच में क्या आधार बनाया है और किन-किन बिंदुओं को शामिल किया है।
सूत्रों की मानें तो यादव सिंह प्रकरण में प्रवर्तन विभाग ने एक कमेटी का गठन किया है। इस प्रकरण से जुडे़ एक-एक पहलू की जांच प्रवर्तन निदेशालय द्वारा की जा रही है। बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय इससे पूर्व गाजियाबाद स्टांप एवं निबंधन विभाग से यादव सिंह और उनसे जुडे़ मोहन राठी के परिवार की संपत्तियों का ब्यौरा मांग चुका है।
इसमें मोहन राठी और उनकी पत्नी मीनाक्षी के नाम कौशांबी में तीन दुकानें भी पिछले दिनों सामने आईं थी। स्टांप विभाग इसकी रिपोर्ट प्रवर्तन विभाग को भेज चुका है।