गाजियाबाद जिले में थाना मसूरी क्षेत्र स्थित 'आदर्श इंडस्ट्रीज उद्योग कुंज गार्डन एन्क्लेव' में तार बनाने की फैक्टरी में काम करने के दौरान एक मजदूर गम्भीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त को उद्योग कुंज गार्डन एन्क्लेव स्थित जी-13 आदर्श इंडस्ट्रीज के मालिक विभोर गोयल द्वारा फैक्टरी में काम के दौरान घायल हुए 40 वर्षीय मजदूर सतेन्द्र पुत्र विशुन देव महतो को इलाज के लिए संतोष अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सतेंद्र मूल रूप से बिहार के निवासी थे और वर्तमान में मोहन नगर, गाजियाबाद में रह रहे थे।
एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि सोमवार रात लगभग साढ़े आठ बजे इलाज के दौरान सतेन्द्र की मौत हो गई, जिसका रात करीब 11 बजे संतोष अस्पताल से घटना का मेमो मिलने पर जानकारी प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना मसूरी पुलिस संतोष अस्पताल पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अस्पताल की मोर्चरी में मृतक सतेन्द्र का शव रखा पाया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन पत्नी और भाई भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए शव को मेडिकल परिक्षण के लिए हिंडन मोर्चरी भेज दिया है। एसीपी ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।