आरडीसी राजनगर स्थित कार्यालय में उपभोक्ताओं को समझाते मुख्य अभियंता पवन अग्रवाल। संवाद
गाजियाबाद। स्मार्ट मीटर हटवाने की मांग को लेकर आंबेडकरनगर इलाके की बड़ी तादाद में महिलाएं सोमवार को जोन एक के मुख्य अभियंता पवन अग्रवाल के राजनगर स्थित कार्यालय पहुंचीं। महिलाओं ने स्मार्ट मीटरों को पोस्टपेड करने का मांगपत्र मुख्य अभियंता को सौंपा।
आंबेडकरनगर के तेज सिंह की अगुवाई में मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचीं महिलाओं ने कहा कि उनकी आर्थिक स्थति खराब है। वह रिचार्ज करके बिजली इस्तेमाल नहीं कर सकतीं। कई उपभोक्ताओं का यह भी कहना था कि रिचार्ज करने के बाद भी सही बैलेंस का पता नहीं चल पा रहा है। एक उपभोक्ता ने शिकायत दर्ज कराई कि निगम के कर्मचारियों ने उनका मीटर बदल दिया। रिचार्ज करने के बाद भी बिजली चालू नहीं हो पा रही है। मुख्य अभियंता ने उनको समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर ब्रहमजीत, विक्रमजीत, महेंद्र सिंह, विनोद कुमार, विनीता, सविता, इंद्राणी आदि मौजूद रहे।
बिल ज्यादा का आरोप, मौके पर निकलवाया पुराना रिकॉर्ड
तेज सिंह समेत कई उपभोक्ता ऐसे थे, जिन्होंने कहा कि उनके बिल ज्यादा आ रहे हैं। इसके बाद मुख्य अभियंता ने सभी के कनेक्शन नंबर के आधार पर उनका पिछले कुछ महीनों का रिकाॅर्ड निकलवाया। तब पता चला कि उनका बिल ज्यादा नहीं था। पिछले महीनों के हिसाब से ही उनका बिल आ रहा था। जिस उपभोक्ता ने रिचार्ज का दावा किया था, उनके बैलेंस में एक हजार रुपये पिछले बकाया और चार हजार रुपये एडवांस में भुगतान दिखा रहा था। इस बारे में मुख्य अभियंता पवन अग्रवाल ने बताया कि कुछ उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति है। इसलिए दिक्कत आ रही है। सभी उपभोक्ता कार्यालय से संतुष्ट होकर गए।