मसूरी। डासना में एक मकान में दिन दहाड़े मकान में घुसे दो नकाब पोश बदमाशों ने अलमारी का ताला तोड़कर गहने और नकदी चोरी कर ली। दूसरी मंजिल पर मौजूद महिला ने ग्राउंड फ्लोर पर आवाज सुनी तो नीचे आ गईं और शोर मचाने का प्रयास किया। आरोप है कि बदमाशों ने महिला के बाल पकड़कर फर्श पर पटक दी और भाग गए।
कस्बा डासना बड़े बाजार निवासी यामीन के मुताबिक 31 मार्च की दोपहर वह परिजनों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने घर से निकले। घर में यामीन की पत्नी सायरा अकेली थी। दोपहर करीब ढाई बजे दो नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए और कमरे में रखी आलमारी से 30 हजार रुपये की नकदी और चांदी की पायल व पेंडल चोरी कर लिए। पहली मंजिल के कमरे में मौजूद सायरा ने ग्राउंड फ्लोर पर कुछ आवाज सुनी तो वह नीचे आ गईं। सायरा को देखते ही नकाबपोश बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। इसी दौरान सायरा ने शोर मचा दिया और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि बदमाशों ने सायरा के बाल पकड़कर उनको धक्का देकर फर्श पर पटक दिया और भाग गए। फर्श पर गिरने से सायरा घायल हो गईं। सायरा पड़ोसी के घर पहुंची और पति यामीन को घटना की जानकारी दी। यामीन खराद मिस्त्री हैं और गाजियाबाद में काम करते हैं तथा इनका बेटा सलमान क्षेत्र में दुकानों पर मिर्च मसालों की सप्लाई करते हैं। पीड़ित यामीन ने नकाबपोश बदमाशों के खिलाफ लूट व मारपीट करने का आरोप लगाकर तहरीर दी है। कार्यवाहक एसीपी वेव सिटी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज किया जा रहा है। आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है, जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।