मुरादनगर। रेलवे रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने पता पूछने के बहाने सब्जी लेकर लौट रही महिला से सोने की चेन और कुंडल लूट लिए। यह घटना रेलवे रोड पुलिस चौकी से करीब 150 मीटर दूरी पर हुई। कुछ समय बाद होश आने पर महिला को अपने साथ हुई वारदात का पता चला। पुलिस से पीड़िता ने गुहार लगाई है।
जलालपुर रोड निवासी बुजुर्ग महिला मधुवाला ने बताया कि वह शुक्रवार शाम को रेलवे रोड से सब्जी खरीद कर अपने घर लौट रही थी। रास्ते में उनके पास दो युवक आए और पहले मदद की मांग की, फिर मोदीनगर जाने का रास्ता पूछा।
इसी बीच युवक ने महिला के मुंह के पास रूमाल हिलाया। इससे वह बेहोश हो गईं और बदमाश उनकी सोने की चेन, कानों से कुंडल निकाल लिए। इसके बाद युवक ने महिला के बैग में कागज की गड्डी रख दी।
कुछ समय बाद महिला को होश आने पर अपने साथ हुई वारदात का पता चला। महिला अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजन शनिवार को महिला को लेकर थाने पहुंचे और तहरीर दी। खास बात है कि वारदात रेलवे रोड पुलिस चौकी से महज कुछ दूरी पर हुई। एसीपी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। इससे पहले कस्बा रोड पर भी इस प्रकार से एक महिला के साथ वारदात हो चुकी है। इसमें बदमाश 40 हजार रुपये लेकर फरार हो गए थे।