खुर्जा के जेवर अड्डा चौराहा के पास वाल्मीकि कॉलोनी निवासी बादल ने बताया कि उनकी बहन नैना (26) किसी काम से बृहस्पतिवार को बुलंदशहर जा रही थी। ऐसे में बादल का दोस्त आकाश अपनी बाइक पर नैना को बैठाकर ले गया था। दोपहर को करीब 12 बजे नैना और आकाश बाइक से वापस लौट रहे थे। लौटते वक्त वह लोग धरपा बिजली घर पर मीटर की समस्या के लिए गए थे। वह दोनों जब बिजली घर से बाहर की ओर आ गए और खुर्जा की ओर जाने लगे।
तभी खुर्जा नगर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार नैना और आकाश दूर जाकर गिरे। वहीं राहगीरों ने कार को वहीं रोक लिया। चालक मौके से भाग गया, तो राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां पर नैना को मृत घोषित कर दिया और आकाश को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही जटिया अस्पताल पर पीड़ित परिजन पहुंच गए। मृत नैना को देख परिजन बिलख उठे, जिनको अन्य लोगों ने ढाढ़स बंधाया। सीओ खुर्जा विकास प्रताप सिंह चौहान का कहना है कि मामले में अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।