गाजियाबाद। मधुबन-बापूधाम क्षेत्र में एक महिला की धारदार हथियार से हत्या कर शव नाले में फेंक दिया गया। शनिवार को पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। पहचान के लिए आसपास के जिलों की पुलिस को फोटो और हुलिया भेजा गया है।
मामला मैनापुर स्थित जीडीए की अविकसित कॉलोनी का है, जहां प्लॉटों की बिक्री चल रही है। इन्हीं प्लॉटों के सामने बने नाले में स्थानीय लोगों ने महिला का शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, महिला की उम्र करीब 25 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसके गले पर धारदार हथियार से कई वार के निशान हैं। महिला ने गले में मंगलसूत्र और पैरों में बिछुए पहन रखे थे। साड़ी व अन्य कपड़े अस्त-व्यस्त मिले हैं।
प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि महिला ने आरोपियों का विरोध किया होगा, जिसके बाद उसकी हत्या कर शुक्रवार रात शव को नाले में फेंक दिया गया। नाले में पानी नहीं था।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि शव की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं, इसलिए आसपास के इलाकों दिल्ली रोड, मैनापुर, रेलवे क्रॉसिंग और बापूधाम स्थित पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज में एक संदिग्ध कार दिखाई दी है। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।