गाजियाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले अधिवक्ता ने पड़ोसियों पर लाठी-डंडों से मारपीट कर तेजाब फेंककर घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पिता-पुत्रों सहित पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। हालांकि एसीपी के मुताबिक तेजाब फेंकने की वारदात प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रही है। कैला भट्ठा में रहने वाले अधिवक्ता रिजवान अली के मुताबिक एक वर्ष पूर्व उनका पड़ोसियों से झगड़ा हुआ था। मामला कोर्ट में विचाराधीन है और पड़ोसी रंजिश रखते हैं। बताया कि 28 फरवरी 2026 की दोपहर करीब ढाई बजे मुशर्रफ पत्नी फिरासत अली व आसिफ, कादिर व फिरासत ने अधिवक्ता रिजवान को रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिए।
घायल ने पुलिस चौकी में आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत की। इसके बाद शाम करीब साढ़े छह बजे पुलिस चौकी से अपने भाईयों के साथ लौट रहे अधिवक्ता को आरोपियों ने घेर लिया और मारपीट कर दी। आरोप है कि आरोपी अपने घर से तेजाब की बोतल लेकर आए और जान से मारने की धमकी देकर अधिवक्ता के ऊपर उड़ेल दिया। अधिवक्ता बाजू और पेट पर तेजाब गिरने से झुलस गए। घटना को अंजाम देकर आरोपी भाग गए। पीड़ित की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। घायल अधिवक्ता रिजवान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल की तहरीर पर आरोपी कादिर, आसिफ, फिरासत अली, मुशर्रफ और कल्लन निवासी कैला भट्ठा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एसीपी ने बताया कि घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई है। प्रथम दृष्टया तेजाब फेंकने की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मामले की जांच जारी है, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।