मसूरी थाना क्षेत्रांर्तगत सिकरोड़ा के सामने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि पिकअप में सवार छह से सात लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केन्टर नं के अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम नगलिया, चांदहट जिला पलवल हरियाणा निवासी गुरदेव सिंह पुत्र प्रीतम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 जुलाई को वह अपनी माता, परिवार और रिश्तेदारों के साथ पिकअप वाहन से पानीपत के गांव बसाड़ा करबा में शोकसभा में शामिल होकर लौट रहे थे।
शाम करीब सात बजे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर उनके आगे चल रही एक चार पहिया गाड़ी के अचानक ब्रेक लगाने से उनकी पिकअप रुक गई। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे कैंटर ने उनकी पिकअप में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में गुरदेव सिंह की माता रेशमा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार छह से सात अन्य लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारकर केन्टर चालक केन्टर लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने कैंटर नं के अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी केन्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, सीसीटीवी फुटेज चेक की जा रही है, मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।