महिला के पांच पुत्र हैं, सभी शादीशुदा हैं
परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी पुष्पा सिंह ने बताया कि पुलिस आयुक्त कार्यालय से उन्हें एक शिकायत पत्र मिला, जिसमें 56 वर्षीय महिला ने अपने पति पर दूसरी महिलाओं से संबंध होने के आरोप लगाए। दोनों एक ही छत के नीचे रहते हैं लेकिन वर्षों से बोलचाल बंद थी।
दोनों को महिला परिवार परामर्श केंद्र पर बुलाया गया। महिला अपने दो बेटों के साथ केंद्र पर पहुंचीं। बताया कि उनके दो बेटे और तीन बेटियां हैं। सभी शादीशुदा हैं लेकिन उनके 58 वर्षीय पति आसपास की महिलाओं से खिलखिला कर बातचीत करते हैं। उन्हें शक है कि एक महिला से उनके पति के अवैध संबंध भी हैं। ऐसे में पति उनसे किनारा करते हैं।
शादी के 37 साल बाद मांगा तलाक
उन्होंने शादी के 37 वर्ष बाद तलाक की मांग की। हालांकि परिवार ने भी महिला को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह तलाक लेने पर अडिग रहीं। इसके बाद परिवार परामर्श केंद्र ने तीन तारीख लगाई और दंपती की काउंसलिंग की। समाज और कानून की बाबत जागरूक किया गया। दो तारीखों में पति ने भी पत्नी के साथ रहने से इन्कार किया।
उनका कहना था कि किसी भी महिला से उनके अवैध संबंध नहीं हैं। बुधवार को दंपती को फिर से काउंसलिंग के लिए बुलाया गया जहां पति ने पत्नी की जिद के आगे घुटने टेक दिए और आश्वासन दिया कि वह किसी भी महिला से बातचीत नहीं करेंगे। पुलिस के समक्ष पति ने पत्नी से माफी मांगी। बोले कि इस बार माफ कर दे, जिंदगीभर किसी भी महिला से बातचीत नहीं करूंगा, अब घर चल, गलती हो गई। इसके बाद दोनों ने समझौता नामा लिखकर दिया और बच्चों के साथ घर के लिए रवाना हुए।
परिवार परामर्श केंद्र पर शादी के छह माह बाद ही विवाद के मामले पहुंचने लगते हैं। मामूली बातों पर पति-पत्नी सात जन्मों के साथ को अचानक तोड़ने पर उतारू हो जाते हैं जिनकी काउंसलिंग की जाती है। पांच बच्चों के माता-पिता का मामला संज्ञान में है। बुधवार को दोनों में समझौता हुआ है। इसके लिए टीम ने काफी प्रयास किए हैं।- सलोनी, एसीपी महिला थाना।