लोनी। संगम विहार कॉलोनी में घरेलू विवाद के दौरान महिला की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति की पिटाई से महिला के कान का पर्दा फट गया। पीड़िता ने पति के अलावा सास और देवर पर भी प्रताड़ित करने, सामान घर से बाहर फेंकने और घर से निकालने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संगम विहार कॉलोनी निवासी चंद्रकला ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी शंकर शर्मा से हुई है। आरोप है कि पति आए दिन उनके साथ मारपीट करता है। 13 अक्तूबर की रात भी पति ने उनकी पिटाई की, जिससे उनके कान का पर्दा फट गया। पीड़िता का कहना है कि गली में कोई व्यक्ति उनकी मदद करने का प्रयास करता है तो पति उसके साथ भी गाली-गलौज करता है। चंद्रकला ने अपनी सास और देवर राहुल पर भी प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दोनों उन्हें घर से निकालने और सामान बाहर फेंकने की धमकी देते हैं। परेशान होकर उन्होंने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।