मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गोविंदपुरी स्थित पंजाब नेशलन बैंक में टप्पेबाजों ने बुधवार दोपहर रकम निकासी करने आई महिला को झांसा देकर उनसे 50 हजार रुपये ठग लिए। टप्पेबाज महिला के हाथ में कागज का बंडल थमाकर चले गए। महिला ने थाने में घटना की तहरीर दी है।
लंकापुरी कॉलोनी निवासी रवि कुमार ने बताया कि उनके घर में मरम्मत का कार्य चल रहा है। बुधवार दोपहर पत्नी कोमल 10 वर्षीय पुत्री वीरा के साथ रकम निकासी करने बैंक गई थीं। कोमल ने खाते से 50 हजार रुपये निकाले। आरोप है कि इसी दौरान बैंक परिसर में दो टप्पेबाज मिले। टप्पेबाजों ने कोमल से बताया कि उनका पैन कार्ड कहीं गुम हो गया है, उन्हें अपने खाते में एक लाख रुपये जमा करने है। इसलिए वह अपना पैनकार्ड दिखाकर उनकी रकम खाते में जमा कर दें।
टप्पेबाजों ने कोमल को झांसे में लेने के बाद उसके हाथ में नोटों की गड्डीनुमा एक रुमाल थमा दिया और उनके 50 हजार रुपये अपने पास रख लिए। कोमल ने कैश काउंटर पर जाने के बाद रुमाल खोला तो उसमें कागज बंधे मिले। कोमल वापस आई तो टप्पेबाज भाग चुके थे। ठगी का एहसास होने पर कोमल ने शोर मचाया, मगर बदमाशों का कोई पता नहीं लगा। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।