महिला जिला अस्पताल में मिली शिकायतों को लेकर सीएमओ डा. अजेय अग्रवाल की ओर से बृहस्पतिवार को किए गए औचक निरीक्षण का परिणाम अब सामने आया है। अस्पताल में अनियमितताएं मानते हुए सीएमओ ने महिला अस्पताल की आया राजबाला को सस्पेंड कर दिया है। जबकि स्टाफ नर्स राजकुमारी सिंह के ट्रांसफर के लिए एडी हेल्थ को संस्तुति भेज दी है।
इससे पहले भी सीएमओ अजेय अग्रवाल ने संयुक्त जिला अस्पताल सहित एमएमजी अस्पतालों में कई बार पैसे लेकर ऑपरेशन करने के मामले पकड़े हैं, लेकिन किसी भी स्टाफ पर कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। यह पहली बार है जब सीएमओ डॉ. अजेय अग्रवाल ने पैसे लेने के मामले में कोई कार्रवाई की है।
अधिकतर बार सीएमओ ने पैसे लेने वाले स्टाफ से मरीजों को पैसे वापस कराए हैं। सबूत मिलने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सीएमओ डॉ. अजेय अग्रवाल का कहना है कि अब आगे से सभी अस्पतालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।