गाजियाबाद। विजयनगर थाने में दर्ज एक मुकदमे केे गवाह को रास्ते में रोककर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला किया, जिसमें वह बाल-बाल बच गए लेकिन खुद का बचाव करने के दौरान उनके हाथ की दो अंगुलियों में चोट आई है और उनमें सात टांके आए हैं। मामले में विजयनगर सेक्टर 12 निवासी अजय उर्फ भूरी ने विजयनगर थाने में विकास उर्फ बब्बे, सौरभ, शैंकी, आकाश बिहारी, अवतार सिंह राणा उर्फ मोंटू राणा, सोनू भारती उर्फ कल्लू और गुल्लू के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
एसीपी नगर कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि अजय उर्फ भूरी ने बताया कि विजयनगर थाने में दर्ज एक मामले में वह चश्मदीद गवाह हैं। इसके चलते नामजद आरोपी उनसे रंजिश रखते हैं। 12 जुलाई की शाम करीब साढ़े पांच वह अपनी कार से दोस्त जतिन के साथ स्वदेशी चौक से डीएवी चौक की तरफ जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में विकास उर्फ बब्बे ने अपने दो साथी सौरभ और शैंकी के साथ मिलकर उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे।
इसके बाद उन्हें कार से खींचकर मारपीट शुरू कर दी गई। सौरभ व शैंकी ने उन्हें पकड़ लिया और विकास ने उन पर धारदार हथियार(खंजर) से हमला कर दिया। उन्होंने अपना हाथ बीच में अड़ाकर अपनी जान बचाई। उनके हाथ की दो अंगुलियों में गंभीर चोट आई है। उपचार के दौरान सात टांके भी आए। शोर शराबा सुनकर उनका भाई मौके पर पहुंचा। दोस्त और भाई ने उन्हें बचाया। मौके पर लोगों ने विकास और सौरभ को पकड़ लिया और पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में अजय ने विजयनगर थाने में 13 जुलाई को केस दर्ज कराया है। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय का कहना है कि मामले में जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
.....