गाजियाबाद। मेरठ तिराहे से एनएच-24 को जोड़ने वाले लिंक रोड का तोहफा शहरवासियों को दिवाली से पहले ही मिलेगा। केंद्रीय मंत्री वीके सिंह की बैठक में रेलवे और जीडीए अधिकारियों ने संयुक्त रूप से इसका भरोसा दिलाया है। लिंक रोड शुरू होने के साथ ही गाजियाबाद-नोएडा के बीच की दूरी काफी कम हो जाएगी।
मंगलवार को केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री एवं गाजियाबाद सांसद वीके सिंह ने केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा केलिए अधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट सभागार में बैठक ली। इसमें मेट्रो परियोजना, लिंकरोड, साहिबाबाद अंडरपास, हिंडन रेलवे पुल अंडरपास, अर्थला मेट्रो स्टेशन, धोबीघाट आरओबी पर चर्चा हुई।
मेरठ रोड तिराहे को एनएच-24 से जोड़ने वाले लिंक रोड पर चर्चा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि इसे 11 नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। वीके सिंह का कहना था कि दिवाली से पहले ही इस लिंक रोड को शुरू किया जाए।
इसके लिए जीडीए और रेलवे अधिकारी आपस में समन्वय बनाकर काम करें। बैठक में मौजूद जीडीए वीसी विजय यादव और रेलवे के एडीआरएम ने राज्यमंत्री को भरोसा दिया कि दिवाली से पहले ही लिंक रोड का तोफा गाजियाबाद की जनता को दे दिया जाएगा।
इसके अलावा अर्थला मेट्रो स्टेशन को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। इस पर राज्यमंत्री ने अर्थला मेट्रो स्टेशन पर जल्द ही काम शुरू कराए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में सीडीओ कृष्णा करुणेश, एडीआरएम आरके गुप्ता, जीडीए सचिव रविंद्र गोडबोले, अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।