आठ महीने पहले हुई थी शादी
संजय नगर कॉलोनी निवासी विपिन, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत है, की शादी करीब आठ महीने पहले मेरठ निवासी ईशा से हुई थी। विपिन के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ईशा बेटे से दूरी बनाकर रहती थी। उन्होंने कहा कि बहू मेरे बेटे को हाथ तक नहीं लगाने देती थी। यह बात खुद विपिन ने हमें कई बार बताई थी, लेकिन हमने सोचा कि समय के साथ सब ठीक हो जाएगा।
बिस्तर पर पड़ी थी विपिन की जीभ
परिवार के अनुसार, सोमवार को खाना बनाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था, जो हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी के बाद देर रात ईशा ने सोते समय विपिन पर हमला कर उसकी जीभ दांतों से काटकर अलग कर दी। जब परिजन कमरे में पहुंचे तो खून से लथपथ विपिन बेसुध हालत में पड़ा था और जीभ बिस्तर पर गिरी हुई थी।
'जीभ ही तो काटी है...गर्दन थोड़ी न'
घटना के बाद एक और गंभीर आरोप सामने आया है। ससुर का दावा है कि जब ईशा के पिता मंगलवार को मौके पर पहुंचे तो उन्होंने खुलेआम धमकी दी। आरोप के मुताबिक, बहू के पिता ने कहा, 'बेटी ने जीभ ही तो काटी है, गर्दन थोड़ी न।' इस बयान के बाद दोनों पक्षों में जमकर हंगामा हुआ और मारपीट किया।
ईशा को हिरासत में लिया गया
परिजनों ने विपिन को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी ईशा को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों और तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी। इस खौफनाक घटना और सामने आए नए आरोपों ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है, वहीं मामला अब घरेलू विवाद से आगे बढ़कर गंभीर आपराधिक साजिश के एंगल में भी देखा जा रहा है।