गाजियाबाद। डासना जिला कारागार में बंद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से मिलने शुक्रवार को उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बड़ा बेटा अदीब आजम पहुंचे। मुलाकात के बाद तंजीन फातिमा ने जेल प्रशासन पर पति को अव्यवस्थाओं के बीच रखने और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आजम खां हृदय और शुगर के मरीज हैं। ऐसे में उन्हें बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में शिफ्ट किया जाना चाहिए।
बीती एक नवंबर से डासना जेल में बंद पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां से मिलने उनकी पत्नी और बेटे के साथ सपा कार्यकर्ता एकता कौशिक भी पहुंचीं। मुलाकात के बाद तंजीन फातिमा ने आरोप लगाया कि उनके पति को सामान्य बैरक में बिना बिस्तर और अन्य जरूरी सुविधाओं के रखा गया है। जेल में साफ-सफाई की स्थिति भी ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि आजम खां हृदय और शुगर के मरीज हैं, लेकिन जेल प्रशासन उनकी उचित देखभाल नहीं कर रहा है। उन्हें जरूरी दवाएं और स्वास्थ्य सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। ऐसे में उनकी तबीयत बिगड़ने की आशंका है। तंजीन फातिमा ने बताया कि 13 नवंबर को गाजियाबाद कोर्ट और 16 नवंबर को हाईकोर्ट में आजम खां से संबंधित मामलों की सुनवाई की तारीख है। उनका मुख्य उद्देश्य जल्द से जल्द पति को जेल से बाहर निकालना है।
आजम खां ने चिकित्सीय टीम से नहीं कराया परीक्षण
जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा ने बताया कि परिजनों की मांग पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने आजम खां के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए तीन चिकित्सकों की टीम भेजी थी। जेल के चिकित्सक समेत चार डॉक्टर उनका स्वास्थ्य परीक्षण करने पहुंचे थे, लेकिन आजम खां ने परीक्षण कराने से इन्कार कर दिया। उन्होंने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उपचार के लिए शिफ्ट करने की मांग की। उनका कहना था कि लंबे समय से इसी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जेल अधीक्षक के अनुसार, नियमानुसार चिकित्सीय टीम आजम खां को एमएमजी अस्पताल रेफर कर सकती है। तबीयत अधिक खराब होने पर उन्हें अन्य सरकारी अस्पताल में भी भेजा जा सकता है। हालांकि, कोर्ट के आदेश के बिना उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में शिफ्ट नहीं किया जा सकता। जेल प्रशासन के चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल आजम खां का स्वास्थ्य ठीक है।