मसूरी क्षेत्र के आकाश नगर निवासी कुलविंदर पुत्र खूब सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके छोटे भाई हेमंत कुमार उर्फ बंटी का विवाह हरेन्द्र सिंह निवासी मीरपुर रोहटा, मेरठ की बेटी निधि से 13 वर्ष पूर्व हुआ था, निधि के माता-पिता भी अब आकाश नगर भाटी प्रॉपर्टी के पास रहते हैं।
हेमंत का पत्नी निधि से घर को लेकर कुछ विवाद चल रहा था, निधि अपने मायके में रह रही थी और उसे अपने सात वर्षीय बेटे कार्तिक को भी नहीं मिलने दे रही थी, जिससे हेमंत डिप्रेशन में था। आरोप है कि निधि व निधि का भाई गौरव, हेमंत पर निधि के नाम घर कराने का दबाव बना रहे थे।
दोनों बहन व भाई मिलकर उसके भाई हेमंत को टॉर्चर कर रहे थे। आरोप है कि 11 जनवरी के तड़के हेमंत (35) ने साड़ी का फंदा बनाकर कमरे में लगे पंखे के हुक से लटककर आत्महत्या कर ली, पुलिस ने शव का मेडिकल परिक्षण कराया था।
मृतक के बड़े भाई कुलविंदर ने मृतक की पत्नी निधि व निधि के भाई गौरव पुत्र हरेन्द्र सिंह निवासीगण आकाश नगर सिकरोड़ा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। एसीपी लिपी नगायच ने बताया कि मृतक हेमंत कुमार उर्फ बन्टी के बड़े भाई कुलविंदर सिंह ने आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए हेमंत कुमार की पत्नी निधि व उसके भाई गौरव पुत्र हरेन्द्र सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है, जांच-पड़ताल करके वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।