मोदीनगर। मोदीनगर-निवाड़ी मार्ग स्थित डीजे डेंटल कॉलेज के समीप बीती रात पानी से भरा टैंकर कार को बचाने के चक्कर में नाले में पलट गया। चालक खिड़की का शीशा तोड़कर बाहर आया। हादसे में चालक मामूली रूप से घायल हो गया।
कस्बा निवाड़ी स्थित गंगनहर के समीप पानी आपूर्ति का कारखाना लगा है। बताया गया कि कारखाने से भोजपुर के ईशापुर स्थित ऑक्सीजन प्लांट पर पानी की आपूर्ति होती है। बुधवार रात करीब एक बजे गांव ईशापुर निवासी चालक शिवकुमार टैंकर से पानी लेकर ऑक्सीजन प्लांट जा रहा था। जैसे ही वह मोदीनगर-निवाड़ी मार्ग स्थित डीजे डेंटल कॉलेज के समीप पहुंचा। एक तेज रफ्तार कार ने पहले टैंकर को ओवरटेक किया और फिर बाद में बेकाबू कार टैंकर के एकदम सामने आ गई।
चालक शिवकुमार ने कार को बचाने का प्रयास किया तभी कैंटर अनियंत्रित होकर नाले में पलट गया। टैंकर का पानी नाले में बह गया। चालक किसी तरह खिड़की का शीशा तोड़कर बाहर आया। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है। कैंटर चालक को मामूली चोट आई है। तहरीर प्राप्त होने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।