मोदीनगर। गोविंदपुरी कॉलोनी में वेल्डिंग का काम करते समय करंट लगने से वेल्डर अमरपाल की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। अमरपाल परिवार में अकेले कमाने वाले थे। हादसे से उनके परिजनों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
मोदीनगर के गांव रोरी निवासी अमरपाल वेल्डिंग करते थे। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को गोविंदपुरी कॉलोनी निवासी एक दंपती उन्हें वेल्डिंग कार्य के लिए लेकर गए थे। काम के दौरान अमरपाल करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। उस समय अमरपाल को जीवन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ रेफर कर दिया, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अमरपाल की मौत से परिवार में मातम छा गया। वह विवाहित थे और उनके दो बच्चे हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनकी मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि मामले में परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।