साहिबाबाद। टीलामोड़ से भोपुरा मा्र्ग पर मंगलवार हल्की बारिश से ही मुख्य सड़क पर जलभराव हो गया। सड़क पर जगह-जगह गड़्ढे होने से परेशानी और बढ़ गई है। जलभराव के कारण गड्ढों का राहगीरों को पता ही नहीं चल पा रहा, ऐसे में कई बाइक सवार फिसल गए तो कुछ गिरते-गिरते बचे।
टीला निवासी सोनू मावी का कहना है कि सड़क पर कई स्थानों पर दो से ढाई फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं। हल्की बरसात में भी यहां पर पानी भरा रहता है। इसके चलते गड्ढे दिखाई नहीं देते हैं और इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई वाहन इन गड्ढों में जाने के कारण क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जबकि कई लोग चोटिल भी हुए हैं। भोपुरा निवासी सेवाराम कसाना ने बताया कि पिछले दिनों क्षेत्र में सीवर लाइन वालने का काम हुआ था। इसे एक निजी कंपनी ने किया है और वह सड़क के गड्ढे भरे बिना ही चले गए। इस वजह से परेशानी अधिक बढ़ गई है। यह सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त है, मानसून आने वाला है, ऐसे में लोगों के लिए यह बड़ी समस्या बन गई है। स्थानीय निवाकी तुषार कसाना का आरोप है कि इस संबंध में कई बार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता रामराजा का कहना है कि दिल्ली-सहारनपुर मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है और लोनी की तरफ से बनाई जा रही है। जल्द ही सड़क निर्माण पूरा हो जाएगा तो समस्या भी खत्म हो जाएगी।