वसुंधरा। सेक्टर दो स्थित स्कूलों से 100 मीटर दूरी पर शराब की दुकान हटवाने के लिए सोमवार को महाकाली वाहिनी की पदाधिकारी एसीपी इंदिरापुरम से मिलीं। उन्होंने शराब की दुकान हटवाने की मांग की। दुकान नहीं हटाने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। वहीं, एसीपी ने अधिकारियों से बात की और समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।
महाकाली वाहिनी की राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. उदिता त्यागी ने बताया कि सेक्टर-2 के मुख्य मार्ग पर दो स्कूल संचालित हैं। इनसे करीब 100 मीटर दूर शराब की दुकान है और उसके सामने पार्क भी है। सुबह-शाम लोग पार्क में बैठकर शराब पीते हैं और महिलाओं से अभद्रता व अश्लील फब्तियां कसते हैं। पार्क में बच्चों का बैठना और महिलाओं का निकलना भी मुश्किल हो गया है। इस संबंध में कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है। वसुंधरा मंडल संयोजक मधु त्यागी ने बताया कि अगर अब भी समाधान नहीं किया गया तो सभी पदाधिकारी पार्क में एकत्र होंगे। वहीं, मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखकर मांग की जाएगी। इस दौरान पूनम पांडे, शारदा सिन्हा, प्रीति मेहरा, बबीता मित्तल, सपना, निशि त्यागी, डाक्टर श्वेता, मधु त्यागी, कुसुम गुसाईं, शान्ति, अलका, सीरता, भागवती, बलवती देवी, वर्षा, ममता देवी, कशिश आदि मौजूद रहीं। सोमवार शाम महाकाली वाहिनी की पहली बैठक का आयोजन हुआ। इस दौरान महानगर संयोजक निशी त्यागी ने इंदिरापुराम मंडल महाकाली वाहिनी संयोजक तोशी श्रीवास्तव को मनोनीत किया। मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. उदिता त्यागी, धर्मगुरु आस्था मां, राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. श्वेता मौजूद रहीं।