साहिबाबाद। लिंकरोड के कड़कड़ मॉडल निवासी रीता यादव के घर में घुसकर टप्पेबाजी को अंजाम देने का मामला पुलिस ने 10 मई की देर रात दर्ज कर लिया। सात मई को पीड़िता के पति का परिचित बताकर पानी पीने के लिए आरोपी घर में घुसा और वारदात को अंजाम देकर भाग निकला। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता रीता यादव ने बताया कि 7 मई की दोपहर में एक अंजान युवक घर पहुंचा। उसने खुद को उनके पति का परिचित बताया और पीने के लिए पानी मांगा। उसी दौरान नशीला पदार्थ छिड़क कर उनको बेसुध कर दिया। आरोपी ने उनके गले से मंगलसूत्र, कान के झुमके, घर में रखी नकदी और डेबिट व आधार कार्ड तक ले गया। प्रभारी एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।