गाजियाबाद। 11:45 पर गोशाला फाटक के पास धारा सिंह बालिका विद्यालय में बने बूथ पर वोट डालने गए अनिल कुमार शर्मा को निराश होकर लौटना पड़ा। अनिल कुमार ने बताया कि जन्म से वह गऊपुरी गली नंबर तीन में रह रहे हैं। पिछले लोकसभा और विधानसभा के चुनाव में उन्होंने वोट डाला, लेकिन इस बार पूरे परिवार का वोट लिस्ट से काट दिया गया है। ऐसे में कैसे मतदान प्रतिशत बढेगा। यह समझ नहीं आ रहा है। पूरे दिन इस स्कूल में यदा-कदा ही लोग आते जाते दिखे। बाहर पुलिसकर्मियों ने भी पूरी सख्ती बरती।
-नहीं रहा उत्साह :
विजयनगर के इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में बनाए गए बूथ पर आसपास के अन्य बूथों की अपेक्षा थोड़ी चहल-पहल देखने को मिली। वहां लोगों की आवाजाही लगातार बनी हुई थी। स्वदेशी चौक के पास भाजपा और सपा उम्मीदवार के बस्ते पर लोग अपना वोट देखकर पर्ची लेते मिले, लेकिन बसपा, असपा के बस्ते पर ज्यादा भीड़ नहीं थी। उम्मीदवार भी बस्ते पर पहुंचकर पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।