मोदीनगर। काजमपुर के ग्रामीणों ने अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ शुक्रवार को जमकर हंगामा काटा और मिट्टी खनन में लगे पांच डंपर पकड़ लिए। पुलिस ने पकड़े गए पांचों डंपर सीज कर दिए।
गांव काजमपुर के ग्रामीणों ने बताया कि गांव दौसा के जंगल में बड़े पैमान पर मिट्टी का अवैध खनन हो रहा है। खनन में लगे डंपरों के कारण क्षेत्र की सभी सड़कें जर्जर हो गई हैं। खनन में लगे अधिकांश डंपरों पर नंबर भी नहीं है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए मिट्टी खनन में लगे डंपरों को रोक लिया। सूचना पर राजस्व विभाग और खनन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम पांच डंपरों को पकड़ कर महामाया देवी पुलिस चौकी ले गई। टीम को देखकर कई चालक डंपर और जेसीबी लेकर भाग निकले। ग्रामीणों का आरोप है कि खनन माफिया बेखौफ होकर अवैध मिट्टी खनन कर रहे हैं। माफियाओं को सभी विभागों का सरंक्षण है। शिकायत करने पर डंपरों से कुचलने की धमकी देते हैं। एसीपी मोदीनगर का कहना है कि पकड़े गए डंपरों को सीज कर दिया गया है।