साहिबाबाद। टीलामोड़ थाना क्षेत्र के पसोंड़ा निवासी अयाज को पुलिस ने इंस्टाग्राम पर पिस्टल लहराते वीडियो वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। वायरल वीडियो में अयाज के साथ हाथ में तमंचा लिए दिखाई दे रहा उसका दोस्त समीर पहले से ही लूट के मामले में पिछले पांच माह से जेल बंद है। अयाज की गिरफ्तारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री, डीसीपी ट्रांस हिंडन और गाजियाबाद पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल को टैग कर की गई शिकायत के बाद की गई। पुलिस आरोपी अयाज से पिस्टल के बारे में पूछताछ कर रही है।
एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि सात मई को दो युवकों की इंस्टाग्राम पर पिस्टल के साथ वीडियो वायरल हुई थी। मामले की जांच में पता चला कि वीडियो टीलामोड़ थाना क्षेत्र की है। इसके बाद पुलिस की छानबीन में पता चला कि वीडियो में तमंचा व पिस्टल के साथ दिखाई देने वाला युवक अयाज और समीर हैं। यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेरखान कुरैशी के अकाउंट पर पोस्ट की गई थी। 16 सेकंड की इस वीडियो में समीर और अयाज हाथ में पिस्टल लेकर धमकी देते हुए दिखाई दे रहे हैं। एसीपी सलोनी अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने अयाज को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि समीर लूट के एक मामले में मेरठ की जेल में बंद है।