रोटी में थूकता युवक। स्रोत: वीडियोग्रैब
गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र की वर्धमान पुलिस चौकी के नजदीक एक चिकन प्वाइंट पर खाना खा रहे युवकों ने रोटी बना रहे युवक का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। युवक रोटी बनाने के दौरान उस पर थूकने का कृत्य करता नजर आ रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम मेरठ रोड स्थित एवन चिकन प्वाइंट कॉर्नर नाम की दुकान का एक वीडियो ग्राहकों ने वायरल किया। एसीपी ने बताया कि युवक रोटी बनाने के दौरान उन पर थूककर सेंकता नजर आ रहा है। वीडियो का संज्ञान लेकर आरोपी युवक को चिकन प्वाइंट से ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपना नाम जावेद अंसारी (20) निवासी मुरादनगर बताया है। यह चिकन प्वाइंट वसीम नाम के युवक का है लेकिन इस दौरान वह दुकान पर नहीं था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार को जेल भेजा जाएगा।