गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम बन रहे गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के नए दफ्तर के निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार से नाराज उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल ने अधिकारियों को फटकार लगाई। साथ ही उन्होंने इस मामले में कार्य कर रहे ठेकेदार पर कार्रवाई करने के लिए कहा है। शनिवार को उपाध्यक्ष प्राधिकरण के नए दफ्तर और एक्सपो मार्ट के कार्य का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। दफ्तर के भवन निर्माण में लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश के साथ लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए कहा है। भवन के निर्माण के लिए मार्च 2027 अंतिम तिथि रखी गई है। इससे पहले कार्य पूरा कर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।
इसके अलावा उपाध्यक्ष एक्सपो व कन्वेंशन सेंटर के निर्माण कार्य की जानकारी लेने भी पहुंचे। जहां इस याेजना के कार्य की उन्होंने तारीफ की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की वर्तमान गति बनाए रखते हुए निर्धारित मानकों पर समय पर कार्य पूरा किया जाए। प्राधिकरण मार्ट को इसी वर्ष शुरू करने की तैयारी कर रहा है। उपाध्यक्ष ने बताया कि दोनों ही कार्यों की समीक्षा की गई। प्राधिकरण के दफ्तर के निर्माण में कुछ कमियां मिली हैं। इस पर कार्रवाई के लिए कहा गया है। एक्सपो मार्ट का कार्य अच्छे से चल रहा है। इसे समय पर शुरू किया जाएगा।