साहिबाबाद। मुख्यमंत्री की स्वच्छ मंडी सूची में शामिल होने के लिए नवीन फल सब्जी मंडी में तैयारियां तेज हो गई हैं। मंडी को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए मंडी समिति व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है।
मंडी की दीवारों और शौचालयों की साफ-सफाई व रंग-रोगन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। परिसर को व्यवस्थित करने के लिए जगह-जगह साइन बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं। समिति मंडी परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही अतिक्रमण पर भी ध्यान दे रही है। इसका उद्देश्य व्यापारियों, किसानों और अन्य लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। व्यापारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उनसे अपनी दुकानों पर रंग-रोगन कराने और एक जैसे बोर्ड लगाने को कहा गया है। इससे मंडी में दुकानों का स्वरूप एक जैसा दिखेगा और परिसर की सुंदरता बढ़ेगी।
साहिबाबाद मंडी सचिव सुनील कुमार शर्मा का कहना है कि मुख्यमंत्री की सूची के लिए मंडी को तैयार करना है। मंडी अगर स्वच्छ सूची में पहले नंबर आती है तो पांच लाख तक पुरस्कार मिलेगा। साथ ही मंडी में स्वच्छता रहेगी और व्यापारी और ग्राहक को भी सुविधा रहेगी।