माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। प्रदूषण से शहर के लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। सोमवार को वसुंधरा की हवा सबसे अधिक जहरीली रही। सुबह से ही इस स्टेशन की वायु गुणवत्ता सूचकांक अधिक रहा। सुबह 10 बजे वसुंधरा का एक्यूआई 299 मापा गया। वहीं, शाम पांच बजे 307 दर्ज किया गया। गाजियाबाद का भी एक्यूआई सोमवार के मुकाबले 20 अंक बढ़कर 252 दर्ज किया गया।
दिवाली के बाद से लगातार बेहद खराब श्रेणी में चल रहा वसुंधरा का एक्यूआई सोमवार को खराब श्रेणी में पहुंचा था। 24 घंटे के अंतराल में दोबारा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गया। वसुंधरा के बाद लोनी की हवा सबसे खराब रही। यहां का एक्यूआई भी सोमवार के मुकाबले 24 अंक बढ़कर 283 मापा गया। रविवार के मुकाबले सोमवार को हवा में धूल और धुएं के कण (पीएम 2.5 और पीएम 10) की मात्रा अधिक रही। इसकी वजह से लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई।
ग्रैप के नियमों की उड़ाई जा रही धज्जियां
प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए ग्रैप के दूसरे चरण की पाबंदियां लागू है। बावजूद खुलेआम लोग नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। सोमवार को इंदिरापुरम के शक्तिखंड तीन स्थित साईं मंदिर के पास कूड़े के ढेर में लोगों ने आग लगा दी। आग लगाने की फोटो व वीडियो सुनील वैद्य ने अधिकारियों को भेजकर कार्रवाई की मांग की है। यह एक दिन की बात नहीं बल्कि आए दिन टीएचए में कूड़े के ढेर में आग लगाई जा रही है। वहीं, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी विकास मिश्रा ने बताया कि आग लगाए जाने की शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
हवा में तत्वों की मौजूदगी
पीएम 2.5 313
पीएम 10 218
एनओ 2 91
एसओ 2 03
सीओ 54
चारों स्टेशनों का एक्यूआई
वसुंधरा 307
इंदिरापुरम 215
संजय नगर 202
लोनी 283