महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार सेे 62वीं यूपी स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप के चौथे दिन शानदार प्रदर्शन कर वाराणसी मंडल के खिलाड़ी सबसे आगे रहे। शुरू में आगे चल रहे इलाहाबाद और सहारनपुर मंडल के खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए वाराणसी मंडल के खिलाड़ियों ने कई मेडल झटके।
सर्वाधिक अंक और 10 गोल्ड मेडल हासिल कर वाराणसी की टीम चौथे दिन अव्वल रही। प्रदेशीय एथलेटिक प्रतियोगिता के तीसरे दिन कुल 16 गेम्स कराए गए। सभी में वाराणसी के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा दिखाते हुए 10 गोल्ड, 10 सिल्वर और 9 ब्रांज मेडल झटके।
दूसरे स्थान पर रहे इलाहाबाद मंडल के खिलाड़ियों को 8 स्वर्ण, 9 रजत और 4 कांस्य पदक हासिल किए। तीसरे स्थान पर रहे सहारनपुर मंडल के खिलाड़ियों ने 8 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य पदक पर अपना कब्जा जमाया। चार दिनों के खेलों में मेरठ मंडल की टीम कोई स्थान हासिल नहीं कर सकी।
डीआईओएस राज सिंह यादव ने बताया कि शुक्रवार को प्रतियोगिता का समापन समारोह किया जाएगा। सभी फाइनल मुकाबले में विजयी खिलाड़ियों और ओवर आल चैंपियन रही टीम को राज्य शिक्षा मंत्री विजय बहादुर पाल द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
करेंसी की दिक्कत, बच्चों को स्कूलों में दिया जा रहा खाना
खेल आयोजक जीजीआईसी की प्रिंसिपल सुधा रानी कटियार ने बताया कि 1000-500 के नोट न चलने की वजह से प्रदेश भर से आए बच्चों के खाने की व्यवस्था गाजियाबाद टीम द्वारा बुधवार से ही कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि खाने का बजट बच्चों को पहले आवंटित कर दिया जाता है, मगर इस बार अचानक 500 और 1000 के नोट बंद होने से बच्चों के खाने का इंतजाम स्कूलों में ही किया गया।