मुरादनगर। प्रसव के कुछ घंटे बाद ही महिला की हालत बिगड़ने पर मौत हो गई। इससे बेटे के जन्म की खुशियां मातम में बदल गईं। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि चिकित्सक की लापरवाही और समय पर उपचार न मिलने से महिला की जान चली गई। कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को तहरीर दी गई है।
न्यू डिफेंस कॉलोनी निवासी रामरतन ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे प्रसव पीड़ा होने पर पत्नी उषा (27) को दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित श्री श्याम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। शनिवार सुबह करीब पौने सात बजे उषा ने सामान्य प्रसव के जरिये पुत्र को जन्म दिया। कुछ देर बाद उषा की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उनका आरोप है कि अधिक रक्तस्राव होने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने समय रहते उचित उपचार नहीं दिया। बाद में हालत गंभीर बताकर गाजियाबाद रेफर कर दिया गया। रामरतन का कहना है कि एंबुलेंस में पत्नी को लेकर तीन से चार घंटे तक अस्पतालों के चक्कर कटवाए गए और काफी देर बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
अस्पताल संचालक पवन शर्मा ने आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि महिला की हालत गंभीर होने पर समय रहते रेफर किया गया था और उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई। एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट के अाधार पर कार्रवाई होगी।