माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद । न्यू करहेड़ा में सोमवार शाम 23 वर्षीय नवविवाहिता का शव ससुराल में कमरे की खिड़की से बंधी रस्सी के सहारे संदिग्ध हालात में लटका मिला। घटना के बाद मौके पर पहुंचे मायके वालों ने जमकर हंगामा किया और शव को नीचे उतारने का विरोध करते हुए आरोपी पति को मौके पर बुलाने की मांग की।
देर रात करीब दो बजे के बाद परिजनों ने एयरफोर्स स्टेशन के पास चौकी के सामने जाम लगा दिया। करीब एक घंटे बाद पुलिस के आश्वासन पर जाम खोला गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की शिकायत पर पति, ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मंजू कसाना (23) लोनी के सरोहा सलेमपुर की रहने वाली थी और स्नातक थी। चचेरे भाई राजेश कसाना ने बताया कि मंजू की शादी इसी साल 21 फरवरी को मूलरूप से बागपत के केवड़ा कमाल गांव निवासी विशाल डेढ़ा से हुई थी। विशाल वर्तमान में साहिबाबाद के करहेड़ा गांव में रहता है। परिजनों का आरोप है कि विशाल का किसी दूसरी महिला से प्रेम संबंध था।
इसी बात को लेकर वह मंजू को परेशान करता था और दोनों के बीच अक्सर विवाद रहता था। इसके चलते ही मंजू मायके चली गई थी। पंचायत के बाद रविवार शाम को ही वह मायके से ससुराल लौटी थी। सोमवार शाम को मंजू का शव उनके कमरे की खिड़की से लटका मिला था। ससुर फिरेराम ने समधी को कॉल कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन घर पर पहुंचे।