मोदीनगर। नगर की एक कॉलोनी से एक सप्ताह पूर्व लापता हुई 20 वर्षीय युवती की बरामदगी की मांग को लेकर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार रात करीब आठ बजे मोदीनगर थाने पर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें शीघ्र बरामदगी का भरोसा देकर शांत कराया।
आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता एकत्रित होकर सोमवार रात करीब आठ बजे मोदीनगर थाने पहुंचे और नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि एक कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय युवती बीती 14 जुलाई को लापता हो गई थी। परिजनों ने 16 जुलाई को मोदीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोप है कि पुलिस युवती की बरामदगी में लापरवाही बरत रही है। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि युवती की तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं। युवती को शीघ्र बरामद कर लिया जाएगा।