कौशांबी स्थित होटल रेडिसन ब्लू की मीठी सौंफ खाने योग्य नहीं थी। जांच में मीठी सौंफ का सैंपल अनसेफ आया है। फूड सेफ्टी विभाग अब होटल प्रबंधन पर सीजेएम कोर्ट में वाद दायर कराने की तैयारी कर रहा है। इस बाबत कार्रवाई के खाद्य सुरक्षा आयुक्त को रिपोर्ट भेज दी गई है।
चीफ फूड सेफ्टी अफसर अजय जायसवाल ने बताया कि विभाग की टीम ने 21 जून 2014 को होटल रेडिसन ब्लू से मीठी सौंप का सैंपल लिया था। इस सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा गया। लैब की रिपोर्ट में स्पष्ट था कि सौंफ में जो कलर मिला, वह खाने योग्य नहीं था।
सौंफ मानक के अनुरूप नहीं थी। इसके बाद कार्रवाई करते हुए होटल प्रबंधन को नोटिस भेजा गया। जवाब देने के बजाए होटल प्रबंधन ने इस रिपोर्ट को चैलेंज किया। इसके बाद सैंपल को सेंट्रल लैब कोलकाता में भेजा गया।
अब वहां से जो रिपोर्ट मिली है उसमें भी सौंफ को मिस ब्रांड और खाने योग्य नहीं माना गया है। उन्होंने बताया कि अब विभाग अगली कार्रवाई करते हुए जल्द ही सीजेएम कोर्ट में वाद दायर करेगा।
वाद दायर करने से पहले अनुमति के लिए आयुक्त खाद्य सुरक्षा को पत्र लिखा गया है। शासन स्तर से निर्देश मिलते ही कार्रवाई की जाएगी। उधर, इसी होटल से रेड बुल एनर्जी ड्रिंक का सैंपल भी अनसेफ और भ्रामक जानकारी देने की श्रेणी में आया है। ड्रिंक में कैफीन की मात्रा मानक से काफी ज्यादा मिली है। होटल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है।