गाजियाबाद। बिना वैध लाइसेंस के गुप्त दरवाजे से क्लब में लोगों को प्रवेश देकर शराब परोसने के मामले में जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार के साथ दो निरीक्षकों को निलंबित किया गया है। अवैध रूप से शराब परोसने के मामले में लापरवाही सामने आने पर यह कार्रवाई की गई है। उनकी मिलीभगत की भी जांच हो रही है।
उप आबकारी आयुक्त मेरठ नीरज वर्मा ने बताया कि इस मामले में निरीक्षक अखिलेश सिंह और चमन सिंह को बृहस्पतिवार को ही निलंबित कर दिया गया था। आगे की जांच के बाद आबकारी अधिकारी पर भी कार्रवाई की गई। मामले की जांच जारी है।
पांच बार और रेस्टोरेंट में पहुंची स्पेशल टीम
सूचना के बाद जिलाधिकारी रवींद्र मांदड़ ने एडीएम सिटी विकास कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारियों को जांच में लगाया था। टीम ने इंदिरापुरम, कौशांबी समेत अन्य क्षेत्रों में पांच बार और रेस्टोरेंट में 24 अक्तूबर को जांच की थी। यह जांच पुलिस और आबकारी विभाग को जानकारी दिए बिना की गई। जांच में सामने आया कि यहां बिना लाइसेंस के शराब परोसी जा रही थी। एक जगह हरियाणा की शराब पिलाई जा रही थी। इसके बाद पूरी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी गई, जहां से रिपोर्ट शासन को भेजी गई। इसी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई हुई।
एक दिन का लाइसेंस लेकर चल रहा था काम
जांच में सामने आया कि रेस्टोरेंट और बार में कभी-कभी एक दिन के लिए शराब परोसने का लाइसेंस लिया जाता था। इसके बाद हर दिन बिना लाइसेंस के ही अवैध रूप से शराब पिलाई जा रही थी। जांच करने पहुंची टीम को कोई दस्तावेज नहीं दिखाए गए। अब विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत की जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि विभाग के संज्ञान के बिना लंबे समय से यह अवैध गतिविधि चल रही थी।
बाहर ताला, गुप्त दरवाजे से एंट्री
कौशांबी थाने में दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि टीम जब रेड आई क्लब में पहुंची तो बाहर ताला लगा था। लोगों को गुप्त दरवाजे से क्लब में एंट्री दी जा रही थी। अंदर जांच की गई तो कोई लाइसेंस नहीं दिखा। कभी-कभी प्रियांशी चौहान के नाम से ओकेजनल बार लाइसेंस लिया गया था। इस मामले में आबकारी विभाग की ओर से ही प्रियांशी पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।