साहिबाबाद। टीएचए क्षेत्र में बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आए दिन लाइन मरम्मत के नाम पर घंटों बिजली गुल की जा रही है। जब लोग बिजली कटौती का कारण पूछते हैं तो मरम्मत की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया जाता है। बृहस्पतिवार सुबह फिर बिजली कटौती से जूझना पड़ रहा है।
भोपुरा स्थित पंचशील कॉलोनी, डिफेंस काॅलोनी और कृष्णा विहार कुटी में सुबह से ही ट्रिपिंग शुरू हो गई। लोगों ने 1912 और जेई से शिकायत की तो पता चला कि कोई लोकल फॉल्ट है और उसकी मरम्मत की जा रही है। जबकि उपभोक्ताओं को पहले इसकी सूचना नहीं दी गई। निवासी पंकज ने बताया कि गर्मी अभी शुरू भी नहीं हुई कि लोकल फॉल्ट की संख्याबढ़ गई है। उनका कहना है कि निगम ने कटौती करने का नया तरीका निकाला है। अभी यह हाल तो आगे आने वाली भीषण गर्मी में क्या हाल होगा। वहीं, इंदिरापुरम के न्यायखंड दो और अभय खंड तीन में चार घंटे कटौती और ट्रिपिंग की मार झेलनी पड़ी।
-
पेड़ों की छंटाई की वजह से गुल रही बिजली
ऊर्जा निगम वितरण खंड तकनीकी 11 केवी व एलटी नेटवर्क की 33/11 केवी ऊर्जा उपकेंद्र के फीडर लाइनों के पास पेड़ आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को पेड़ों की छंटाई की तो वसुंधरा सेक्टर-19 के फीडर दो व चार के क्षेत्रों में सुबह 9:30 से दोपहर 1:30 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। वहीं, सेक्टर-10 के फीडर पांच व सेक्टर-8 के फीडर-12 के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की आपूर्ति दोपहर 1:30 से शाम 6:30 बजे तक आपूर्ति प्रभावित रही।
ऊर्जा निगम, जोन तीन मुख्य अभियंता बृजेश कुमार का कहना है कि सभी इलाकों में बिजली आपूर्ति सामान्य है। लाइन की मरम्मत और पेड़ों की छंटाई के कारण कुछ समय आपूर्ति बाधित रही है।