मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित सीकरी कलां गांव के समीप एक बेकाबू कैंटर ने छात्रों से भरी वैन में टक्कर मार दी। हादसे में वैन क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि हादसे में छात्रों को नुकसान नहीं पहुंचा वरना बड़ी घटना हो सकती थी।
गांव सीकरी कलां स्थित महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल से शनिवार दोपहर छुट्टी के बाद एक निजी वैन चालक जितेन्द्र छात्रों को छोड़ने जा रहा था। छात्रों से भरी वैन जैसे ही दिल्ली-मेरठ मार्ग पर आई तभी दिल्ली की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर में वैन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वैन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद वैन सवार छात्र घबरा गए और चिल्लाने लगे। टक्कर मारने के बाद आरोपी कैंटर चालक गाड़ी लेकर भाग गया। हादसे के बाद जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वैन को रास्ते हटवाकर यातायात सामान्य कराया। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय का कहना है कि हादसे में किसी छात्र को चोट नहीं आई। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।