मोदीनगर। निवाड़ी कस्बे में हनुमान चौक के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मामा-भांजे गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान भांजे(16) की मौत हो गई, जबकि मामा की हालत गंभीर है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
निवाड़ी कस्बा निवासी वारिश का 16 वर्षीय पुत्र अरबाज सोमवार रात अपने मामा फारुख के साथ दूध लेने के लिए पैदल जा रहा था। रात करीब नौ बजे हनुमान चौक के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर दोनों घायलों को मोदीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने अरबाज को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल फारुख का उपचार चल रहा है।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास जारी है।