ट्रैफिक पुलिस ने एनएच-58 का जाम खत्म करने के लिए नई कवायद शुरू की है। इसके तहत हाईवे के 31 कट बंद कर 21 यूटर्न बनाए जाएंगे। इससे मेरठ, गाजियाबाद और दिल्ली आने-जाने वाले फर्राटा भरेंगे।
एनएच-58 से हर रोज लाखों वाहन गुजरते हैं। पीक आवर (सुबह और शाम) में यहां जाम लगा रहता है। इससे निबटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने मेरठ तिराहे से लेकर कादराबाद बॉर्डर तक सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की है। इस रिपोर्ट में जाम लगने की मुख्य वजह हाईवे के कट माने गए हैं।
कट बंद करने के लिए यूटर्न बनाए जाने जरूरी बताए गए हैं। जहां यूटर्न बनाए जाएंगे, वहां सड़क को 100 मीटर तक दोनों ओर एक-एक लेन चौड़ा किया जाएगा। एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार का कहना है कि कट बंद कर यूटर्न बनाए जाने से जाम से निजात मिलेगी।
कटों को बंद करने के लिए 150 कंक्रीटजर्सी बैरियर लगाए जाएंगे, जिनकी कीमत करीब 19 लाख रुपये है। इस कार्य को पूरा करने के लिए जीडीए से मदद मांगी गई है। इस संबंध में दो जून को मेरठ में आईजी जोन ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ मीटिंग भी की थी।
हाईवे के जाम प्वाइंट
मोदीनगर बस अड्डा, मोदीनगर थाना कट, गंगनहर पुल, सुराना रोड कट, बस स्टैंड पड़ाव मुरादनगर, भट्टा नंबर पांच कट, एएलटी चौराहा और नंदग्राम कट।