गाजियाबाद। वेव सिटी और कविनगर क्षेत्र में दो युवकों ने घरेलू विवाद के चलते गले में फंदा लगाकर जान दे दी। वहीं, एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
एसीपी वेव सिटी ने बताया कि लग्जरिया अपार्टमेंट में रहने वाले 20 वर्षीय सार्थक अग्रवाल ने फ्लैट की छत में लगे कुंडे से फंदा लगा लिया। इस दौरान फ्लैट में उसकी मांग अंजुला और बहन हनी मौजूद थीं।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर सार्थक को फंदे से नीचे उतारा और मनिपाल अस्पताल लेकर पहुंची। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मां और बहन ने बताया कि सार्थक दोस्तों के साथ बाहरी राज्यों में घूमने गया था। घर से अधिकांश समय बाहर रहने को लेकर शनिवार सुबह पिता ने उसे डांट दिया था।
दूसरे मामले में कविनगर थाना क्षेत्र के गांव रजापुर में किराये के कमरे में रह रहे नीरज कुमार (24) ने शुक्रवार देर शाम आत्महत्या कर ली। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि युवक मूल रूप से गांव उमराव नंगला, जनपद फर्रुखाबाद का रहने वाला था। वह शराब पीने का आदी थी और मजदूरी करता था। प्रथमदृष्टया आर्थिक तंगी के चलते उसने फंदा लगाकर जान दी है।
एसीपी कविनगर ने बताया कि शनिवार देर शाम महरौली व गाजियाबाद के बीच रेल ट्रैक के पास क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। अनुमान है कि मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष रही होगी। संभावना जताई जा रही है ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।