इंदिरापुरम। ज्ञानखंड दो स्थित प्लॉट नंबर 138 में 31 दिसंबर की रात करीब 2ः30 बजे तेज आवाज में बज रहे संगीत पर सोसायटी के लोगों ने आपत्ति जताई। आवाज कम करने को कहा तो कुछ युवकों ने प्लॉट नंबर 116 निवासी सागर गुप्ता व उनके पड़ोसी से मारपीट कर दी। पीड़ितों की तहरीर पर इंदिरापुरम पुलिस ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
सागर गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 31 दिसंबर की रात उनके पड़ोस में स्थित प्लॉट नंबर 138 में बेहद तेज आवाज में संगीत बज रहा था। मामला रात करीब 2ः30 बजे का था। उन्होंने पड़ोसियों से आवाज कम करने को कहा, तो दो युवक शराब के नशे में धुत होकर उनके पास पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर उनके पड़ोसी भी बाहर निकले और युवकों का विरोध करने लगे। इस पर नशे में धुत दो अन्य युवक वहां पहुंचे और सागर गुप्ता व उनके पड़ोसी से सबने मिलकर मारपीट शुरू कर दी। झगड़े में सागर गुप्ता के शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। किसी तरह दोनों ने अपनी जान बचाई। आरोप है कि इसके बाद सभी युवक मारने की धमकी देकर भाग गए। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि चार अज्ञात लड़कों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।