किशोर की सड़क हादसे में मौत के मामले में गिरफ्तार आरोपी। स्रोत पुलिस
इंदिरापुरम। न्याय खंड प्रथम निवासी अंश कनौजिया (16) की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली के शाहदरा निवासी अंकित और इंदिरापुरम के कनावनी निवासी दुर्गेश हैं। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने शराब पीकर गाड़ी चलाने और ओवरटेक करने के दौरान बाइक में टक्कर लगने की बात कही है। पुलिस ने 29 सितंबर की दोपहर दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया।
26 सितंबर की देर रात अंश अपने दो दोस्तों के साथ दिल्ली के खिचड़ीपुर में होने वाली रामलीला देखकर घर लौट रहा था। एनएच नौ की सर्विस रोड पर कार की टक्कर लगने से उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में अंश गंभीर रूप से घायल हो गया था और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 27 सितंबर को परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए अभयखंड चौकी के सामने शव रखकर हंगामा भी किया था।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि करीब 30-32 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के बाद पुलिस टीम ने कार को ट्रेस किया। कार शाहदरा निवासी अंकित की निकली। वह वर्तमान में कनावनी क्षेत्र स्थित मकान में किरायेदार है। अंकित निजी अस्पताल के चिकित्सक की गाड़ी चलाने का काम करता है। वहीं, दुर्गेश भी एक निजी अस्पताल में सुरक्षा गार्ड है। पूछताछ में उसने बताया कि वह और दुर्गेश अपने एक परिचित को छोड़ने के लिए 26 सितंबर की रात दिल्ली गए थे। वापस लौटते समय उन्होंने रास्ते से शराब खरीदी और गाड़ी में बैठकर पी रहे थे। गाड़ी अंकित ही चला रहा था। तभी एनएच नौ पर सांई मंदिर चौराहे से एक बाइक उनकी गाड़ी के पीछे आई। बाइक चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की इसी दौरान कार बाइक से टकरा गई। एसीपी ने बताया कि अंश के परिजनों को भी कार्रवाई के बारे में बताया गया है और वह इससे संतुष्ट हैं।