मुरादनगर। करीब पंद्रह दिन पूर्व खंड विकास कार्यालय परिसर के गटर में मिले सौरभ के शव के मामले में नया मोड़ आ गया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
सलेमाबाद गांव निवासी आशु कुमार ने बताया कि 6 मई को मेरा भाई सौरभ घर से काम पर जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर उसका मोबाइल फोन मिलाया तो बंद आ रहा था। परिजनों ने 10 मई तक लगातार सौरभ के फोन कर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद ही आ रहा था। पुलिस को 11 मई को विकास खंड कार्यालय परिसर के गटर में सौरभ का शव पड़ा मिला था। पुलिस ने इसकी सूचना परिजनों को दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर चोट के निशान और पानी में दम घुटने से मौत होना आया था। आशु का आरोप है कि उसके भाई का दो लोगों से रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि रुपये लेनदेन को लेकर उनके भाई सौरभ की हत्या हुई है। दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। एसीपी ने बताया कि तहरीर पर जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।