मुरादनगर। सहविस्वा में कब्रिस्तान के पास पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पहले मामला छात्रा से अभद्रता को लेकर बताया जा रहा था। वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है।
एसीपी मसूरी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि बुधवार रात सूचना मिली कि सहविस्वा में दो पक्षों में मारपीट हो रही है। जांच में सामने आया कि एक पक्ष के शहनवाज और दिलनवाज उर्फ काला और दूसरे पक्ष के साबिर व तालिब के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद दोनों पक्ष भिड़ गए।
वायरल वीडियो को लेकर अलग-अलग चर्चाएं थीं। शुरुआती जानकारी में विवाद को छात्रा से अभद्रता से जोड़कर बताया जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में मुख्य कारण पैसों का लेनदेन सामने आया है। एसीपी ने बताया कि शहनवाज, दिलनवाज उर्फ काला, साबिर और तालिब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और वीडियो की जांच की जा रही है।