मोदीनगर। दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर भोजपुर के गांव कलछीना के समीप मंगलवार रात बेकाबू ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में घायल कार चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा दिल्ली-मेरठ मार्ग पर सीकरी कलां गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज की है।
नई दिल्ली स्थित पालम कॉलोनी निवासी रोहित कुमार एक निजी कंपनी में कार चालक थे। बताया कि मंगलवार रात रोहित मेरठ से लौट रहे थे। इसी दौरान गांव कलछीना के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने किसी वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और रोहित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल रोहित को उपचार के लिए दिल्ली भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गई। इसके अलावा दिल्ली-मेरठ मार्ग पर बुधवार रात बाइक सवार आकाश को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल आकाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि दोनों हादसों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।