मोदीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किए दो बदमाश। संवाद
मोदीनगर। थाना पुलिस ने पिस्टल और कारतूसों की खरीद फरोख्त कर रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। एक बदमाश पिस्टल समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 कारतूस बरामद किए हैं। 90 हजार रुपये में पिस्टल और कारतूस की डील हुई थी। आरोपी आगामी पंचायत चुनावों की तैयारी के लिए हथियारों की खेप जमा कर रहे थे। पुलिस हथियार तस्करी के सरगना सन्नी सांगवान और फरार बदमाश की तलाश में दबिश दे रही है।
एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि सोमवार सुबह सूचना मिली कि चार बदमाश पिस्टल व कारतूस की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। जानकारी के बाद पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग शुरू कर दी। चेकिंग के दौरान तिबड़ा-मानकी रजवाहे पर तीन बदमाश दिखे। पुलिस ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो वह भाग निकले।
पुलिस ने पीछा कर दो बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा बदमाश पिस्टल समेत मौके से भाग गया। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के नाम चिराग सांगवान पुत्र विपिन सांगवान निवासी गांव खंजरपुर मोदीनगर और आदित्य चौधरी उर्फ जोशी निवासी गांव जलालाबाद मुरादनगर हाल निवासी ओलीव ग्रीन परतापुर बाईपास मेरठ बताया। पकड़े गए आरोपियों ने फरार साथी का नाम समर्थ सांगवान पुत्र राजेंद्र हाल निवासी तिबड़ा रोड बताया। गैंग का सरगना सन्नी सांगवान को बताया है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से .32 बोर के तीस कारतूस बरामद किए।
90 हजार रुपये में हुई थी एक पिस्टल व 30 कारतूसों की डील : पकड़े गए बदमाश आदित्य चौधरी उर्फ जोशी ने बताया कि .32 बोर की पिस्टल और तीस कारतूस की डील 90 हजार रुपये में हुई थी। डील पक्की होने के बाद आरोपी आदित्य खेप लेने मोदीनगर पहुंचा। वहां चिराग सांगवान और समर्थ सांगवान पिस्टल और कारतूस की डिलवरी देने आए। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। शातिर समर्थ सांगवान पुलिस को चकमा देकर पिस्टल लेकर भाग गया। आरोपी पंचायत चुनावों में हथियारों की तस्करी करने के लिए जखीरा जमा कर रहे थे। आरोपी एनसीआर में ऑनलाइन हथियारों की सप्लाई करते थे।